Language Settings
Select Website Language
newshunt
newshunt

कपिल शर्मा ने कनाडा कैफे फायरिंग पर तोड़ी चुप्पी:बोले- मैं अपने देश में असुरक्षित महसूस नहीं करता, मुंबई पुलिस से बेहतर कोई नहीं

11 months ago

8

0

26 नवंबर को कपिल शर्मा की फिल्म ‘किस किसको प्यार करूं 2’ का ट्रेलर लॉन्च हुआ। ट्रेलर लॉन्च के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कपिल ने वहां मौजूद मीडिया के सवालों के जवाब भी दिए। इस दौरान कपिल से उनके कनाडा स्थित कैप्स कैफे पर तीन बार हुई फायरिंग को लेकर सवाल किया गया। कपिल पहली बार कैप्स कैफे फायरिंग पर बात करते दिखे। उन्होंने जवाब में कहा- ‘तो ये घटना कनाडा में हुई। तीन बार वहां फायरिंग हुई। मुझे लगता है कि वहां के जो रूल्स हैं, पुलिस के पास इतनी पावर नहीं है कि वो उस चीज को कंट्रोल कर सके। लेकिन उसके बाद जो हमारा केस हुआ, ये केस फेडरल में चला गया। जैसे हमारी सेंट्रल गवर्नमेंट होती है, वैसे ही कनाडा में पार्लियामेंट में इस पर चर्चा हुई। ऊपर वाला जो करता है, उसके पीछे की कहानी हम समझ नहीं पाते हैं। मुझे बहुत सारे लोगों के फोन आए, उन्होंने मुझसे कहा कि कनाडा में बहुत कुछ चल रहा था। लेकिन आपके कैफे पर फायरिंग हुई, उसकी खबरें बनीं तो अब वहां के लॉ एंड ऑर्डर और पुलिस में सुधार हुआ है।’ कपिल आगे कहते हैं- ‘मैं कभी मुंबई या अपने देश में असुरक्षित महसूस नहीं करता हूं। हमारी मुंबई पुलिस जैसा कोई नहीं है। वहां पर जितनी बार गोली चली, उसके बाद हमारे कैफे में और बड़ी ओपनिंग लगी। ऊपर वाला साथ है तो ठीक है। हर हर महादेव।’ बता दें कि पिछले महीने कपिल के कनाडा स्थित कैप्स कैफे पर एक बार फिर फायरिंग हुई थी। यह तीसरा बार था, जब कपिल के कैफे को निशाना बनाया गया। इस फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गोल्डी ढिल्लों और कुलवीर सिद्धू नेपाली ने ली थी। फायरिंग के बाद लारेंस गैंग ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया था। उसने अपने पोस्ट में लिखा- वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह। आज जो (Kaps Caffe, सरे) में तीन बार फायरिंग हुई है, उसकी जिम्मेदारी मैं, कुलवीर सिद्धू और गोल्डी ढिल्लों लेते हैं। हमारी आम जनता से कोई दुश्मनी नहीं है। जिनसे हमारा झगड़ा है, वो हमसे दूर रहें। जो लोग अवैध (दो नंबर का) काम करते हैं, लोगों से काम करवा कर पैसे नहीं देते, वो भी तैयार रहें। जो भी बॉलीवुड में धर्म के खिलाफ बोलते हैं, वो भी तैयार रहें। गोली कहीं से भी आ सकती है। वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह। इसी साल जुलाई और अगस्त में भी फायरिंग हुई कपिल शर्मा का कैप्स कैफे कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया स्थित सरे में है। इस पर जुलाई और अगस्त में भी फायरिंग हुई थी। अगस्त में हुई फायरिंग में कैफे की खिड़कियों में छह गोलियों के निशान और टूटा हुआ शीशा दिखाई दिया था। तब लॉरेंस गैंग से जुड़े गोल्डी ढिल्लों का एक पोस्ट वायरल हुआ था, इसमें कपिल के कैफे पर फायरिंग की जिम्मेदारी ली गई थी। जुलाई में हुए हमले में हमलावरों ने कैफे पर 9 राउंड फायरिंग की थी। तब हमले की जिम्मेदारी खालिस्तानी आतंकी हरजीत सिंह लाडी ने ली थी। कपिल ने कहा था- डरने वाला नहीं हूं कपिल शर्मा ने हमले के बाद सरे की मेयर ब्रेंडा लॉक और पुलिस का धन्यवाद किया था। उन्होंने लिखा था, “हमें प्यार और समर्थन देने आए सभी अधिकारियों का शुक्रिया। हम एकजुट होकर हिंसा के खिलाफ खड़े हैं।” कपिल ने साफ किया कि वे और उनका परिवार डरने वाला नहीं है और शांति व सुरक्षा के पक्ष में मजबूती से खड़े रहेंगे। कपिल के बयान से नाराज होकर फायरिंग का दावा जब जुलाई में कैफे पर गोलीबारी की गई थी तब कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया था कि एक बार कॉमेडी शो के दौरान कपिल ने निहंग सिखों के खिलाफ टिप्पणी की थी, जिससे नाराज होकर गोलीबारी की गई थी। तब सोशल मीडिया पर हरजीत सिंह लाडी और तूफान सिंह नाम के एक अन्य व्यक्ति ने वीडियो के जरिए कपिल शर्मा को धमकी देते हुए कहा था कि अगर उन्होंने माफी नहीं मांगी तो मामला और बिगड़ सकता है। हालांकि, कपिल शर्मा ने निहंग सिखों पर क्या टिप्पणी की थी, यह साफ नहीं है। अनुमान है कि यह नेटफ्लिक्स के किसी पुराने एपिसोड या किसी लाइव शो से जुड़ा हो सकता है। इस साल की शुरुआत में, निहंग नेता बाबा बलबीर सिंह ने भी कपिल शर्मा के कंटेंट पर आपत्ति जताई थी। आतंकी पन्नू ने भी कपिल शर्मा को धमकी दी थी खालिस्तान आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने कुछ हफ्ते पहले कपिल शर्मा को कनाडा में कैफे खोलने पर धमकी दी थी। पन्नू ने वीडियो जारी करके कहा था कि कपिल खुद को हिंदूवादी बताता है। उसके कैफे पर फिर गोलियां चलाई जा सकती हैं और खालिस्तानी समर्थकों पर आरोप लगाए जा सकते हैं। पन्नू ने कहा था- भारत के लोग कनाडा के सरे शहर में निवेश कर रहे हैं। क्या कपिल का कैफे सिर्फ एक कॉमेडी कैफे है या हिंदुत्व का वैश्विक विस्तार करने की एक रणनीति का हिस्सा है? ये लोग कनाडा में बिजनेस कर रहे हैं, भारत में क्यों नहीं? जब वो कनाडा के कानून को नहीं मानते तो यहां क्यों आ रहे हैं। यह कोई खेल का मैदान नहीं है। अपना पैसा लेकर वापस हिंदुस्तान जाओ। यहां हिंदुत्व विचारधारा नहीं चलेगी। हालांकि दैनिक भास्कर पन्नू के वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
Click here to Read More
Previous Article
सेलिना जेटली का पति पीटर पर 15 संगीन आरोप:शिकायत में कहा- दूसरे मर्दों से संबंध बनाने का दबाव, प्राइवेट पार्ट में रॉड डालने की धमकी
Next Article
धर्मेंद्र की दरियादिली:लुधियाना में 19 कनाल से ज्यादा जमीन भतीजों के नाम कर दी; कहा- पुरखों की है, संभालकर रखना

Related बॉलीवुड Updates:

Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

Comments (0)

    Leave a comment