Language Settings
Select Website Language
newshunt
newshunt

पंचतत्व में विलीन हुए सतीश शाह:ऑनस्क्रीन बेटे राजेश कुमार ने दिया कंधा, अंतिम दर्शन करने पहुंचीं रुपाली गांगुली हुईं भावुक, कई सेलेब्स शामिल हुए

7 months ago

बॉलीवुड के सीनियर एक्टर सतीश शाह का शनिवार दोपहर निधन हो गया। एक्टर 74 साल के थे और किडनी से जुड़ी समस्या से जूझ रहे थे। आज सुबह उनका पार्थिव शरीर हिंदुजा हॉस्पिटल से उनके घर लाया गया। जिसके बाद उनका अंतिम संस्कार मुंबई के विले पार्ले (वेस्ट) स्थित पवन हंस श्मशान भूमि में हुआ। सतीश शाह के अंतिम संस्कार में फिल्म इंडस्ट्री के कई सेलेब्स शामिल हुए। टीवी शो साराभाई वर्सेस साराभाई में उनके ऑनस्क्रीन बेटे रोसेश का किरदार निभाने वाले राजेश कुमार और अशोक पंडित ने उन्हें कंधा दिया। सतीश शाह के मैनेजर रमेश कदातला भी सतीश शाह को अंतिम विदाई देने पहुंचे। वही सतीश शाह को हिंदुजा हॉस्पिटल लेकर पहुंचे थे। उन्होंने कहा- बीते दिन दोपहर करीब 2 बजे लंच के समय पहला निवाला लेते ही वो बेहोश हो गए। आधे घंटे बाद घर में एम्बुलेंस पहुंची और अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिल्ममेकर को सुबह सेल्फी भेजकर कहा- देखो मैं कितना स्मार्ट लग रहा हूं फिल्ममेकर विवेक शर्मा ने दैनिक भास्कर को दिए इंटरव्यू में बताया, 'शनिवार सुबह ही सतीश शाह से मेरी चैट हो रही थी। हम रोज बातें करते थे, एक-दूसरे को रील्स और दिलचस्प वीडियो भेजते थे। सतीश शाह का करीब डेढ़ साल से डायलिसिस चल रहा था। उन्होंने सुबह मुझसे कहा था कि नवंबर से हम काम शुरू करेंगे। उन्होंने मुझे अपनी एक सेल्फी भेजी थी और बोले थे – देख, मैंने 20-22 किलो वजन घटा लिया है, अब मैं कितना हैंडसम लग रहा हूं।' कई बेहतरीन फिल्मों और टीवी शो का हिस्सा रहे सतीश शाह सतीश शाह टीवी शो साराभाई वर्सेज साराभाई से फेमस हुए थे। उन्होंने मैं हूं ना (2004), कल हो ना हो (2003), फना (2006) और ओम शांति ओम (2007) जैसी कई मशहूर फिल्मों में काम किया था। साल 2008 में उन्होंने अर्चना पूरन सिंह के साथ टीवी शो कॉमेडी सर्कस में बतौर जज काम किया था। ऑनस्क्रीन बेटे सुमित राघवन ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि सतीश शाह के साथ पॉपुलर शो साराभाई वर्सेस साराभाई में काम कर चुके उनके ऑनस्क्रीन बेटे सुमित राघवन ने नम आंखों के साथ उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी है। सुमित राघवन ने ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट से एक वीडियो पोस्ट कर कहा है- ‘2004 में हमने एक शो शुरू किया था और 70 एपिसोड के बाद हमने वो शो बंद कर दिया, क्योंकि तब वो चला नहीं। आज 21 साल बाद वो शो लोगों के दिलों की धड़कन बन चुका है। शो का नाम है साराभाई वर्सेस साराभाई। लोग उस शो के किरदारों से आइडेंटिफाई करने लगे हैं। लोग कहते हैं मैं घर का रोसेश हूं, मेरी बीवी मोनिका जैसे बिहेव करती है। लेकिन किसी ने ये नहीं कहा कि ये हमारे घर के इंद्रवदन हूं, क्योंकि इंद्रवदन एक ही हैं सतीश काका।’ आगे सुमित ने कहा, ‘वो आज हमें छोड़कर चले गए। ईश्वर जितना बड़ा हो रहा है, हम सबका बॉन्ड भी उतना ही मजबूत है। आज साराभाई परिवार का कर्ता पुरुष, सबसे सीनियर सदस्य हम सबको छोड़कर चले गए हैं। काफी दिनों से वो जूझ रहे थे। आखिरकार, जिंदगी बहुत निर्दयी हो सकती है। डैड आपका सफर अच्छा हो, आपसे दूसरी दुनिया में मिलूंगा।’ सतीश शाह की पत्नी को है अल्जाइमर, उनके लिए करवाई थी किडनी ट्रांसप्लांट सतीश शाह के करीबी दोस्त रहे सचिन पिलगांवकर ने न्यूज 18 को दिए इंटरव्यू में बताया है कि वो और सतीश करीबी दोस्त थे। दोनों अक्सर एक-दूसरे की पार्टी में शामिल होते थे। वो डायलिसिस पर थे। उनकी पत्नी मधू को अल्जाइमर है। वो अपनी पत्नी के लिए लंबा जीना चाहते थे, जिसकी वजह से उन्होंने इसी साल किडनी ट्रांसप्लांट करवाई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी श्रद्धांजलि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सतीश शाह के निधन पर दुख जताते सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा- सतीश शाह जी के निधन से अत्यंत दुखी हूं। वो भारतीय मनोरंजन जगत के एक सच्चे दिग्गज के रूप में हमेशा याद किए जाएंगे। उनकी सहज हास्य प्रतिभा और यादगार अभिनय ने अनगिनत लोगों के जीवन में मुस्कान बिखेरीं। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं। खाना खाने के बाद गिरे और दम तोड़ दिया कॉमेडियन जॉनी लीवर ने सतीश शाह के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि वे उनके करीब 40 साल पुराने दोस्त थे। सतीश किडनी की समस्या से जूझ रहे थे। उनका ट्रांसप्लांट कोलकाता में हो चुका था। डेढ़ महीने वहां रहकर वे पूरी तरह ठीक होकर वापस आए थे। अचानक आज खाना खाने के बाद वे गिर पड़े और उनका निधन हो गया। साराभाई वर्सेस साराभाई शो में उनके साथ काम कर चुके एक्टर राजेश कुमार ने सतीश के निधन पर दुख जताते हुए कहा- 'ये मेरे लिए सबसे कठिन घड़ी है, अभी तक यकीन नहीं हो रहा कि सतीश जी अब हमारे बीच नहीं रहे। ऐसा लग रहा है जैसे मैंने अपने पिता को खो दिया हो। जिंदगी और ह्यूमर से भरपूर इंसान, जिन्होंने हर चीज को चुनौती दी, अपना नाम बनाया और एक अमिट छाप छोड़ी एक्टर के रूप में। ये इंडस्ट्री और हम सबके लिए (साराभाई परिवार) के लिए बहुत बड़ी क्षति है। आइए हम सब उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करें और उन्हें अपनी दुआओं में याद रखें, ज्यादा बोल नहीं पा रहा हूं, मनोस्थिति ठीक नहीं है।' सीनियर एक्टर राजेश बेदी ने भी एक वीडियो जारी कर भावुक अंदाज में सतीश शाह को याद किया। उन्होंने वीडियो में कहा है, 'दोस्तों मुझे नहीं पता ये कैसे कहूं, आज मैं बहुत भावुक महसूस कर रहा हूं, बहुत भावुक, मुझे बात करने में भी मुश्किल हो रही है, मेरा प्रिय दोस्त, जो FTII में मेरा बैच मेट था, हमने साथ में ये जो है जिंदगी किया और कई फिल्में कीं। आज वो इस दुनिया में नहीं है, मेरे अंदर जितने इमोशन्स हैं, समझ में नहीं आ रहा, उन्हें शब्दों में कैसे बया करूं, मेरी जिंदगी के सबसे दुखद दिनों में आज का दिन शामिल है। मैं सतीश शाह से बहुत प्यार करता हूं। भाई तुम्हारी आत्मा को शांति मिले।' FTII से पढ़ाई की थी सतीश शाह का जन्म मुंबई के मांडवी में हुआ था। उन्होंने जेवियर कॉलेज से पढ़ाई करने के बाद पुणे के फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) से पढ़ाई की थी। साल 1972 में सतीश ने डिजाइनर मधु शाह से शादी की थी। सतीश ने साल 1970 में बॉलीवुड फिल्म भगवान परशुराम से करियर की शुरुआत की थी। तब से लेकर साल 2014 तक उन्होंने कई फिल्मों में काम किया था। वहीं, टीवी पर उन्होंने साल 1984 में ये जो है जिंदगी से अपना डेब्यू किया था। इस शो के 55 एपिसोड में उन्होंने 55 अलग-अलग किरदार निभाए थे। उसके बाद वो फिल्मी चक्कर, घर जमाई, टॉप 10, साराभाई वर्सेस साराभाई और कॉमेडी सर्कस जैसे शो का हिस्सा रहे। निधन की खबर सामने आने के बाद से ही सतीश शाह गूगल पर ट्रेंड कर रहे हैं। लोग उनके नाम को गूगल पर सर्च कर रहे हैं। ....................... ये खबर भी पढ़ें... पंकज धीर के अंतिम संस्कार में इमोशनल हुए सलमान खान:बेटे निकितिन ने मुखाग्नि दी, सुबह अंतिम सांस ली थी; कैंसर से जूझ रहे थे एक्टर पंकज धीर (68) को उनके बेटे निकितिन ने 15 अक्टूबर को पवन हंस क्रीमैटोरियम में मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के वक्त सलमान खान इमोशनल नजर आए। पूरी खबर यहां पढ़ें...
Click here to Read More
Previous Article
अस्पताल में भर्ती हुईं जरीन खान की मां:एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी, कहा- प्लीज उनके लिए दुआ करें
Next Article
धर्मा प्रोडक्शन की फिल्म से बॉलीवुड डेब्यू करेंगे भुवन बाम:कॉन्ट्रैक्ट की तस्वीर शेयर कर कहा, सपने देखो दोस्तों, पूरे हो जाते हैं

Related बॉलीवुड Updates:

Are you sure? You want to delete this comment..! Remove Cancel

Comments (0)

    Leave a comment